मऊ। जिले के परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में बृहस्पतिवार को रिपोर्ट कार्ड नहीं बांटा जा सका। रिपोर्ट कार्ड न वितरित होने से बच्चों के साथ अभिभावक भी मायूस दिखे। कार्ड न बांटे जाने का कारण बीआरसी से स्कूलों को इसे नहीं भेजा जाना बताया जा रहा है। जिले में 1208 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक तथा कंपोजिट विद्यालयों में 1.59 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं। संक्रमण के चलते विद्यालयों के बंद रहने से परीक्षा नहीं हो सकी। इसके चलते बच्चों को अगली कक्षा में प्रोन्नत कर दिया गया था। इस वर्ष संक्रमण के सामान्य स्थिति में आने के बाद परीक्षा होने से बच्चों, अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा। शिक्षा सत्र के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को बच्चे अपने अभिभावकों के साथ विद्यालयों पर रिपोर्ट कार्ड लेने पहुंचे, लेकिन विभागीय लापरवाही की स्थिति यह रही कि बीआरसी स्तर से विद्यालयों पर रिपोर्ट कार्ड भेजे नहीं गए। ऐसे में बच्चों में इनका वितरण नहीं हो सका। विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों का नंबर मौखिक सुनाकर अपनी जिम्मेदारी निभा दी। पिपरीडीह: परदहां ब्लाक क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में परीक्षा मूल्यांकन कार्य तैयार हो गया है। बच्चों, अभिभावकों को अंकों का विवरण मौखिक बताया गया। प्रधानाध्यापक श्रीनिवास सिंह ने बताया कि बीआरसी स्तर से रिपोर्ट कार्ड न मिल पाने के चलते वितरण नहीं कराया जा सका है। यही हाल प्राथमिक विद्यालय उस्मानपुर का रहा। प्रधानाध्यापक संजय सिंह ने बताया कि बीआरसी स्तर से रिपोर्ट कार्ड नहीं मिल पाने से वितरण नहीं हुआ। कुसुम्हा : दोहरीघाट ब्लाक क्षेत्र में 136 परिषदीय विद्यालय हैं। विभाग की तरफ से परीक्षा का मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया गया है। लेकिन बीआरसी स्तर से रिपोर्ट कार्ड न मिलने के चलते विद्यालयों में बच्चो को रिपोर्ट कार्ड वितरित नहीं हो सका। बच्चे मायूस होकर घर लौट गए। नोडल अधिकारी तथा जिला समन्वयक प्रशिक्षण सीडी यादव ने बताया कि बीआरसी स्तर से रिपोर्ट कार्ड का वितरण होना है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को दिशा निर्देश दिया गया है।