शनिवार को नगर के रौजा पर खुली दुकानें।
- फोटो : MAU
मऊ। प्रदेश सरकार की ओर से शनिवार को लाकडाउन हटाने की घोषणा होने से लोगों को काफी राहत मिली है। कोविड के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अप्रैल महीने से ही प्रदेश सरकार ने सप्ताह में शनिवार और रविवार को दो दिनों की बंदी की घोषणा कर दी थी। तभी से सप्ताह में केवल पांच दिन ही बाजार खुलते थे। दो दिनों की बंदी के चलते दुकानदारों, व्यवसायियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा था। व्यापारिक संगठनों की मांग उठ रही थी कि शनिवार की बंदी समाप्त की जाए। इधर कोरोना संक्रमण कम होने के चलते भी व्यापारिक संगठनों की ओर से उठाई जा रही मांग को अन्य संगठनों का समर्थन मिल रहा था। प्रदेश के कई जिले कोविड मुक्त भी घोषित किए जा चुके थे। इस बीच सरकार ने शनिवार की बंदी को समाप्त करने की घोषणा कर दी। जिसका व्यापारिक संगठनों ने स्वागत भी किया। सरकार की घोषणा के बाद पहले शनिवार को जनपद मुख्यालय सहित सारे बाजारों में दुकानें खुलीं। जला मुख्यालय पर रौजा, सहादतपुरा, चौक, औरंगाबाद ,मिर्जाहादीपुरा, निजामुद्दीनपुरा, भीटी, मुंशीपुरा, हट्ठीमदारी में सभी तरह की दुकानें खुलीं। उधर कोपागंज , घोसी, दोहरीघाट, मधुबन , रतनपुरा, मझवारा, बोझी बाजार,अमिला, अदरी, मुहम्मदबाद गोहना कसबों में बजार खुले। व्यापारी नेता डा. रामगोपाल गुप्ता और गोपाल कृष्ण बर्नवाल का कहना था कि शनिवार को बंदी से मुक्त रखने का सरकार का निर्णय सराहनीय है।