मऊ। लॉकडाउन के तीसरे चरण में प्रवासियों को उनके गतव्य स्थान तक पहुंचाने के लिए बांद्रा से श्रमिक विशेष ट्रेन शनिवार को मऊ जंक्शन पर पहुंची। इसे पहले शुक्रवार की देर रात भी बांद्रा से एक विशेष ट्रेन श्रमिकों को लेकर मऊ जंक्शन पहुंची थी।इन ट्रेनों से अलग अलग जगह के चार हजार प्रवासियों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद 150 से ज्यादा रोडवेज बसों से रवाना किया गया। इस दौरान बसों की कमी से श्रमिक हलकान रहे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद वापस बसों के आने पर रवाना हुए।
शनिवार की सुबह करीब 9.30 बजे मुंबई के बांद्रा से 1261श्रमिकों को लेकर 22 कोच की विशेष ट्रेन मऊ जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर पहुंची। जहां आरपीएफ प्रभारी डीके राय तथा जीआरपी प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में एक-एक कोच को क्रमवार खोलकर सोशल डिस्टेसिंग के साथ श्रमिकों को खड़ा कराया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की छह टीमों ने सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह और वीएन राय के नेतृत्व में श्रमिकों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई । इससे पूर्व रात को बोरी बली से चलकर मऊ जंक्शन पर पहुंची ट्रेन में 1650 यात्री मौजूद थे।
ट्रेनों से उतरे यात्रियों को जिला प्रशासन की तरफ से भोजन और पानी के साथ मास्क उपलब्ध कराया गया। इसके बाद सभी यात्रियों को रोडवेज की बसों के माध्यम से उनके जिले और घर को रवाना किया गया। लगातार छह ट्रेनों से आने और यात्रियों को छोड़ने गई बसों के समय से न आने का परिणाम रहा कि बसों की कमी आड़े आई। इस दौरान ट्रेन से उतरे यात्रियों को थोड़ी देर रुकना पड़ा, बस आने पर उनको घर के लिए रवाना किया गया। इससे पहले शुक्रवार की देर रात करीब 11 बजे मुंबई के बांद्रा से ही 1200 श्रमिकों को लेकर श्रमिक एक्सप्रेस मऊ जंक्शन पर पहुंची थी। जिन्हें सोसल डिस्टेंसिंग के साथ थर्मल स्क्रीनिंग के बाद 55 बसों से उनके गंतव्य स्थान तक भेज दिया गया ।