इस साल दीपावली 31 अक्तूबर को है, लेकिन लंबी दूरी की ट्रेनों में अभी से सीटें फुल हो चुकी हैं। दीपावली और छठ पूजा से लेकर एक दिसंबर तक दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, राजस्थान, पश्चिम बंगाल सहित अन्य महानगरों से आने वाली ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट अभी से 250 के पार पहुंच गई है। केवल जोधपुर से मऊ चलने वाली मऊ स्पेशल फेयर स्पेशल ट्रेन में सीटें खाली हैं।
वेटिंग टिकट वालों को स्लीपर और एसी कोच में यात्रा की अनुमति नहीं है। ऐसे में यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। इतना ही नहीं कुछ ट्रेनों की एसी कोच में बुकिंग बंद हो चुकी है, नो रूम दिखा रहा है। ट्रेनों में दिसंबर तक सीटें फुल होने का एक कारण नवंबर से शुरू हो रहे मांगलिक कार्यक्रम भी है। अब महानगरों में रहकर नौकरी करने वाले लोगों को घर पहुंचने के लिए स्पेशल ट्रेनें ही सहारा हैं। लेकिन उनमें भी सीटें फुल चल रही हैं।
दीपावली के समय मुंबई से आने वाली गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 268 वेटिंग और एसी कोच में नो रूम, काशी एक्सप्रेस में 126 वेटिंग और स्लीपर में नो रूम, गोदान एक्सप्रेस में 249 वेटिंग और एसी कोच में नो रूम, छपरा एक्सप्रेस में 266 वेटिंग और नो रूम, मऊ साप्ताहिक एक्सप्रेस 337 वेटिंग गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस में 257 वेटिंग अभी से चल रहा है। इसी तरह दिल्ली से मऊ आने वाली मऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 145, लिच्छवी एक्सप्रेस में 211, मऊ एक्सप्रेस में 158 और लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में 132 वेटिंग चल रहा है।
अहमदाबाद से आने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस में 338 वेटिंग, दरभंगा साबरमती एक्सप्रेस में नो रूम, वड़ोदरा से आने वाली मऊ स्पेशल सुपरफास्ट में नो रूम, मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस में 194 वेटिंग हैं। वहीं कोलकाता से आने वाली पूर्वांचल एक्सप्रेस में 81 और उत्तरबंग एक्सप्रेस में 340 वेटिंग चल रहा है।