नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर आयोजित मैदान पर आयोजित मैच में खेलते खिलाड़ी। संवाद
नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर सोमवार को आरडीएस क्रिकेट एकेडमी चिरैयाकोट और मऊ टीम के सीनियर खिलाड़ियों के बीच 35-35 ओवर का मैच खेला गया, जिसमें आरडीएस क्रिकेट एकेडमी चिरैयाकोट ने मऊ टीम को पांच विकेट से हरा दिया।
मैच में मऊ के कप्तान आदित्य चौहान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन निर्णय टीम के पक्ष में नहीं रहा। 44 रन के स्कोर पर टीम के छह विकेट गिर गए। इसके बाद बल्लेबाज अमरीश साहनी ने 59 रन, प्रवीण चौरसिया ने 24 रन और सलमान साह ने 12 रन की पारी खेली। टीम 24.5 ओवर में 185 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
आरडीएस क्रिकेट एकेडमी चिरैयाकोट की ओर से गेंदबाज अंकित ने तीन विकेट लिए। रितेश और राज को दो-दो विकेट मिले, जबकि सुमंत और योग प्रीतम को एक-एक विकेट मिला।
186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरडीएस क्रिकेट एकेडमी चिरैयाकोट को अच्छी शुरुआत मिली। टीम के ओपनर अंकित ने 61 रन और योग प्रीतम ने 52 रन बनाकर मैच जीत की नींव रखी। इसके बाद अतुल यादव ने 52 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। टीम ने पांच विकेट से मैच जीत लिया।
मऊ टीम की ओर से प्रवीण चौरसिया एकमात्र सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट लिए। मैच के मैन ऑफ द मैच अंकित पांडेय रहे। उन्होंने 61 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी लिए। मैच के अंपायर राजवीर सिंह और सौरभ चौहान रहे। स्कोरिंग आदर्श शर्मा ने की।