अमिला। नगर पंचायत के सरया प्राथमिक विद्यालय के पास पोल्ट्री फार्म से बंहवा चुम्मानार की ओर जाने वाली लाखों की लागत से बनी आरसीसी सड़क छह महीने में जगह-जगह टूट गई। लोगों ने घटिया निर्माण सामग्री के प्रयोग का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार यादव का कहना था कि आरसीसी सड़क का पेमेंट रोक दिया गया है। निर्माण कार्य ठीक होने के बाद ही भुगतान किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियाें का कहना था कि लाखों की लागत से बनी आरसीसी सड़क की हालत दयनीय होती जा रही है। सड़क में जगह-जगह दरार आ गई है। लगभग 10 मीटर लंबी दीवार भोला पांडेय के खेत में धाराशायी हो गई। धंसी और टूटी सड़क से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण में अनियमितता बरती गई है। घटिया सामग्री से निर्माण होने के कारण सड़क छह माह में ही टूट गई है।
संबंधित विभाग ने समय रहते निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच तक नहीं की। दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए। यदि शीघ्र ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में वीरेंद्र, दुर्विजय, गौतम, अमरजीत, गुड्डू, राकेश, गोविंद, सरवन, गौतम, गोलू आदि शामिल थे।