नगर के मुंशीपुरा मुहल्ला स्थित अपने मकान पर रमजान माह के पहले रोजा पर इफ्तार करता एक परिवार।
- फोटो : MAU
मऊ। लॉकडाउन में रमजान के दौरान घर कुरान की तिलावत से गूंजते रहे। लोगों ने रमजान के दूसरे दिन खजूर से रोजा खोला और घरों में ही जमात के साथ नमाज अदा की। इस दौरान इबादत में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा-पूरा ख्याल रखा गया। उधर, मसजिदों में सिर्फ पांच नमाजियों ने ही नमाज अदा की।
मुसलमानों ने सुबह सादिक के समय सहरी की और रोजा रखा। फज्र की अजान होते ही घरों में ही सोशल डिस्टेंसिंग के बीच फज्र की नमाज अदा की। इस दौरान मुल्क में फैली कोरोना बीमारी से बचाव के लिए अल्लाह से दुआ की गई। इसके बाद लोगों ने सुबह सवेरे कुरान की तिलावत की। जिससे घर तिलावत से गूूंजते रहे। घरों में ही रोजाना रोजेदार पांचों वक्त की नमाज और तरावीह भी बाजमाअत अदा कर रहे हैं। इसमें भी सोशन डिस्टेंसिंग का खासा ख्याल रखा जा रहा। उधर, इसके पूर्व लोगों ने खजूर फल, बेसन, सब्जियां वगैरह की खरीददारी अपने मुहल्ले की गलियों में लगे ठेलों से किया। दोपहर के बाद महिलाएं भी इफ्तार बनाने में जुट गईं। मगरिब की नमाज से पूर्व दस्तरख्वान पर इफ्तार के समान सज गए और मगरिब की अजान होते ही लोगों ने दुआएं मांगी फिर खजूर से रोजा खोला और लजीज पकवान का लुत्फ उठाया। हालांकि इस दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखा।
मुफ्ती अनवर अली ने बताया कि लोगों को कहा गया है कि घरों में रहकर नमाज पढ़ें और कुरान की तिलाव करें। मुल्क सहित पूरी दुनियां को कोरोना से बचाव करने की दुआ करें। इसके अनुसार लोगों ने घरों में ही रहकर नमाज अदा की। उधर, नगरपालिका और नगर पंचायतों की ओर से साफ सफाई और पेयजलापूर्ति की व्यवस्था की गई। जबकि अपर पुलिस अधीक्षक एसके श्रीवास्तव ने शहर के सभी मस्जिदों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।