मऊ/ रानीपुर। सोनभद्र में ठेकेदारी करने वाले मऊ जिले के बड़ागांव निवासी रामभवन यादव की गोली मारकर हत्या करने की सूचना मिलने पर घर पर शोक का माहौल है। वहीं ग्रामीण घटना को लेकर बड़ागांव सहित आस पास के गांवों में चर्चा होती रही।
बताया जा रहा है कि सरायलंखसी थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी राभवन यादव 38 पुत्र नन्हक यादव करीब 18 साल पूर्व ही घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने पर परिवार के भरण पोषण के लिए सोनभद्र चले गए थे। जहां वो एक क्रेसर पर काम करने लगा। मृतक दो भाइयों में बड़ा है, छोटा भाई रामजनम दिव्यांग है। ऐसे में पूरे परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी रामभवन पर है। रामभवन की गोली मारकर हत्या की सूचना जैसे ही उसके परिजन और गांव में पहुंची। उसके तीनों पुत्र अभिषेक यादव (16), किशन (12), समीर सौरभ (10) और पत्नी मीरा का रोकर बुरा हाल था। वहीं गांव के लोग मिलनसार स्वभाव के रामभवन की हत्या की बात सुनकर दुखी दिखे। समाचार लिखे जाने तक परिवार के साथ गांव के लोग मृत रामभवन के शव के आने का इंतेजार कर रहे थे।