रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मऊ जिले के मधुबन में आपसी भाईचारे और सौहार्द की ऐसी मिसाल देखने को मिली, जिसने सभी के दिल छू लिए। मुरारपुर निवासी रीमा यादव पुत्री गुलाब यादव बीते सात वर्षों से नगर पंचायत के जायसवाल गली निवासी इस्लाम अहमद और शमशेर अहमद को राखी बांध रही हैं।
विज्ञापन
अब रीमा की शादी हो चुकी है, लेकिन अपने मुंहबोले भाइयों के प्रति प्यार और अपनापन आज भी उतना ही गहरा है। शादी के बाद भी ससुराल से मधुबन आकर वह दोनों भाइयों की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधती हैं।
रीमा का कहना है कि यह रिश्ता सिर्फ धागे का नहीं, बल्कि विश्वास, अपनापन और भाईचारे का अटूट बंधन है। रक्षाबंधन के इस अवसर पर हिंदू-मुस्लिम एकता का यह दृश्य देखने के लिए मोहल्ले के लोग भी जुटे और सभी ने इस परंपरा को समाज के लिए प्रेरणा बताया। इस मौके पर चारों ओर प्रेम, सम्मान और भाईचारे का संदेश गूंजता रहा।