मुहम्मदाबाद गोहना। मऊ शाहगंज रेलखंड पर रेलगाड़ियां साल के अंत में बिजली से चलने लगेगी। इसके लिए रेलवे ने विद्युतीकरण कार्य की मंजूरी देते हुए जल्द ही कार्य शुरू किए जाने की तैयारी कर ली है। प्रखंड पर मुहम्मदाबाद गोहना और रानी की सराय स्टेशन को केंद्र बनाकर कार्य शुरू करने की योजना अंतिम दौर में है । मऊ शाहगंज रेल प्रखंड के विद्युतीकरण को लेकर 2019 के रेल बजट में लगभग 110 करोड रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके लिए रेलवे ट्रैक के किनारे खंभा के साथ तार लगाने की योजना बनाई गई है । पहले चरण में फेफना से इंदारा के बीच विद्युतीकरण का कार्य किया जाना था जिसका कार्य चल रहा है। दूसरे चरण में मऊ से शाहगंज के बीच विद्युतीकरण को अमलीजामा पहनाने को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विद्युतीकरण के लिए यांत्रिक टीम को स्थानीय रेलवे स्टेशन पर ठहरने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इसके अलावा इस प्रखंड पर रानी की सराय को भी दूसरा सेंटर बनाया गया है। विद्युत आपूर्ति को लेकर रानी की सराय के पास पहले से ही विद्युत सब स्टेशन का कार्य चल रहा है।
रेलवे की विकास योजनाओं के जानकार रेल परामर्श दात्री समिति के पूर्व सदस्य शाह आलम सालम कुरैशी ने बताया कि इस खंड पर विद्युतीकरण को लेकर जल्द ही टीम अपनी कार्रवाई शुरू कर देगी। रेलवे अधिकारियों से बातचीत के दौरान बताया गया कि विद्युतीकरण का कार्य 2020 के अंत तक पूरा किए जाने की योजना है।