मऊ। सहजनवां से दोहरीघाट के बीच 81.17 किमी लंबी नई रेल लाइन बिछाने के लिए केंद्र सरकार ने बजट में 35 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। बजट मिलने से रेल लाइन बिछाने का रास्ता साफ हो गया है। वहीं 2016 में 34.37 किमी लंबी स्वीक़ृत इंदारा-दोहरीघाट आमान परिवर्तन के लिए भी 39 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। ऐसे में बजट मिलने से जिले के विकास को रफ्तार मिलेगी। सहजनवां से दोहरीघाट के बीच 81.17 किमी लंबी नई रेल लाइन परियोजना के लिए गत वर्ष मंजूरी मिली थी। केंद्र सरकार ने इसके लिए 1320.75 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की थी। इस साल सरकार ने आम बजट में 39 करोड़ रुपया स्वीकृत किया है। सहजनवा से लेकर दोहरीघाट के बीच 230 किमी की दूरी में बनाए जाने वाले 12 स्टेशनों में एक जंक्शन, सात क्रॉसिंग स्टेशन और चार हाल्ट बनाने का खाका खींचा गया है। इसमें सहजनवा, खजनी, उनवल, बासगांव, गोला बाजार, बड़हलगंज, दोहरीघाट रेलवे स्टेशन समेत चार हाल्ट शामिल हैं। इस परियोजना पूरी होने से लोगों को गोरखपुर और वाराणसी के लिए ट्रेन मिल सकेगी। ऐसे में सहजनवा-दोहरीघाट रेलमार्ग से वाराणसी जाने के लिए 30 किमी की दूरी कम हो जाएगी। वहीं इस रेल मार्ग से लोग बलिया, छपरा, दिल्ली, लखनऊ समेत अन्य महानगरों में जाने के लिए सीधे रेल सेवा से जुड़ जाएंगे। वहीं 2016 में 34.37 किमी लंबी स्वीकृत इंदारा-दोहरीघाट आमान परिवर्तन कार्य के लिए केंद्र सरकार ने बजट में 39 करोड़ रुपया स्वीकृत किया है। एक फरवरी 2018 को केंद्र सरकार ने पेश किए गए बजट में इसके लिए 100 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की थी। अभी तक कार्यदायी संस्था यह कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूरा कर सकी है। अब बजट स्वीकृत होने से विकास को गति मिलना तय माना जा रहा है।