नगर के अंधा मोड़ भीटी स्थित एक प्राइवेट खाद गोदाम पर छापेमारी के दौरान कागजों को चेक करते एसडीएम और उपकृषि निदेशक।
- फोटो : mau
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के समस्त तहसीलों में एक साथ जिलास्तरीय टीम ने उर्वरक के थोक तथा फुटकर विक्रेताओं की दुकानों पर छापा मारा। जिलास्तरीय टीम ने 49 दुकानों पर छापा मारकर 16 नमूने लिए। साथ ही अधिकारियों ने विक्रेताओं को चेतावनी दी। संग्रहित नमूनों को लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में उर्वरक के 11 थोक विक्रेता तथा 762 खुदरा विक्रेता हैं। कई उर्वरक की दुकानों से गुणवत्तापरक उर्वरक न मिलने की शिकायत पर जिला प्रशासन की तरफ से सभी तहसीलों पर एक साथ अभियान चलाया गया। जांच टीम में प्रत्येक तहसील में कृषि विभाग के अधिकारी तथा संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी को शामिल किया गया था। जांच टीम ने 49 दुकानों से 16 नमूना लिया।सदर में उप निदेशक कृषि तथा उप जिलाधिकारी सदर ने नौ छापा मारा। जिसमें छह नमूने लिए।
घोसी में जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार तथा उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने 18 दुकानों पर छापा मारा। कुल छह नमूने लिए दो दुकान में गड़बड़ी मिलने पर विक्रेताओं को चेतावनी दी। मुहम्मदाबादगोहना में भूमि संरक्षण अधिकारी कृषितथा उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में टीम ने 10 दुकानों पर छापा मारा। दो नमूना लिया।
मधुबन तहसील में अपर जिला कृषि अधिकारी ने उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में छापा मारा। 12 दुकानों पर छापेमारी में दो नमूना लिया। जांच से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही।