वलीदपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को मुहम्मदाबाद गोहना तहसील में मिलावट खोरी को रोकने के लिए अभियान चलाया। टीम ने तीन किराना की दुकान से काजू, खजूर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। टीम की कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। बृहस्पतिवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके दीक्षित के नेतृत्व में टीम मुहम्मदाबाद गोहना तहसील पहुंची। टीम ने कस्बा स्थित किराना की दुकान से काजू का नमूना लिया। इसीक्रम में टीम ने भातकोल के पास दुकान से खजूर का नमूना लिया गया। जबकि देवलास स्थित एक दुकान से काजू का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बिंदू पांडेय, रामानंद, पंकज, नसीम खान शामिल रहे।