नगर के गालिबपुर मोहल्ले में हुआ जलजमाव।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। नगर पालिका की लापरवाही के कारण शहर के लोगों को गंदगी से दो चार होना पड़ा रहा है। वजह बारिश के बाद जलभराव की समस्या। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से कई रिहायशी इलाकों में ही कई खाली प्लाट में पानी भरा हुआा है। इससे यहां के बाशिंदे न सिर्फ मच्छर व गंदगी से परेशान है बल्कि बदबूदार पानी से लोगों का जीना दुश्वार है। वहीं कई वार्डों में बजबजाती गंदी नालियां व नाले भी परेशानी का सबब हैं। प्रशासन को भी खाली पड़े भूखंडों में जलभराव होने पर प्लाट स्वामियों को नोटिस जारी कर इसे रोकने की कार्रवाई करनी चाहिए। फॉगिग के साथ ही दवा का छिड़काव करना चाहिए लेकिन इसका अनुपालन नहीं हो रहा है। नगर पालिका द्वारा 42 वार्डों में विकास के दावे तो खूब किए जाते हैं, लेकिन इसमें अधिकांश कार्य केवल कागजों पर होता दिख रहा है। वर्तमान में बारिश न होने तथा तेज धूप होने के बाद इस जमा गंदे पानी से उठ रही भीषण दुर्गंध से जहां रहवासी परेशान हैं, वहीं मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। बीतों दिनों हुई बारिश के बाद नगर के भीटी, मुसरदह मोड़, निजामुद्दीनपुरा, सहादतपुरा, मुंशीपुरा, बलिया मोड़ सहित कई जगहों पर खाली पड़े प्लाटों में पानी भर गया है। पानी निकासी न होने तथा मौसम साफ होने तथा कई दिनों से पानी भरा होने के कारण लार्वा पनपने लगा है। लेकिन नगर पालिका द्वारा न तो रासायनिक दवा का छिड़काव किया जा रहा है न ही समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाया जा रहा है। रहवासियों ने मच्छरों तथा संक्रामक रोगों से बचाने के लिए कई बार नगर पालिका के जिम्मेदारों को लिखित तथा मौखिक शिकायत की है। बावजूद समस्या जस की तस बनी है। निजामुद्दीनपुरा निवासी दीपक, मुसरदहमोड़ निवासी संतोष, समाजसेवी छोटेलाल गांधी, सोनू, कन्हैया आदि का कहना है कि भरे गंदे बदबूदार पानी में हजारों तरह के छोटे-छोटे जीव जंतु, मच्छरों का लार्वा आदि पनप रहा है। फागिंग व दवा का छिड़काव न होने से इलाके में मच्छरों की भरमार है। घरों के दरवाजे खोलने पर उनके घरों में सैकड़ों की संख्या में मच्छर घुस जाते हैं। इतना ही नहीं नगर पालिका की लापरवाही से लोगों के निजी बोरिंग का पानी भी दूषित हो रहा है।
नगर के निजामुद्दीनपुरा मोहल्ले में हुआ जलजमाव।संवाद- फोटो : MAU