मऊ। पूर्वांचल विश्वविद्यालय संबद्ध जिले के डिग्री कालेजों की वार्षिक परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 126 परीक्षा केंद्रों पर 30 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। समस्त केंद्र व्यवस्थापकों से वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने मामले में 20 फरवरी तक रिपोर्ट मांगी गई है। जिले में पूूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध 150 डिग्री कालेज हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों के स्नातक तथा स्नातकोत्तर की वार्षिक परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हो रही है। लेकिन परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए कवायद तेज हो गई है। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 126 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में 30 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए नगर स्थित डीसीएसके पीजी कालेज, मर्यादा पुरुषोत्तम पीजी कालेज रतनपुरा, सर्वोदय पीजी कालेज घोसी, राजकीय पीजी कालेज मुहम्मदाबादगोहना, जनता पीजी कालेज रानीपुर को नोडल केंद्र बनाया गया है।यहां उत्तरपुस्तिकाएं, प्रश्नपत्र संबंधित परीक्षा केंद्रों को दो घंटे पूर्व भेजा जाएगा। इन नोडल केंद्रों पर परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाएं भी जमा होगी। परीक्षा केंद्रों पर वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं। 20 फरवरी तक केंद्र व्यवस्थापकों को नोडल केंद्रों पर रिपोर्ट भेजने का फरमान जारी किया गया है। परीक्षा केंद्रों को पूर्वांचल विश्वविद्यालय तथा क्षेत्रीय उच्च अधिकारी वाराणसी कार्यालय में बने कंट्रोल रुम से जोड़ा जाएगा। कंट्रोल रुम से क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी तथा विश्वविद्यालय के अधिकारी आनलाइन मानीटरिंग करेंगे। डीसीएसके पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. एके मिश्र का कहना है कि उत्तर पुस्तिकाएं आ चुकी हैं। केंद्र व्यवस्थापकों से वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरा लगाने के मामले में 20 फरवरी तक लिखित रिपोर्ट मांगी गई है।