मऊ। जिले के 46 क्रय केंद्रों पर बुधवार से सोशल डिस्टेंसिंग के साथ गेहूं खरीद शुरू हुई। पंजीकरण कराए किसानों से गेहूं खरीद करने की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन 12 किसानों से 653 क्विंटलखरीदारी हुई। उधर, जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। किसानों को गेहूं की फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए जिले में 46 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। पीसीएफ, विपणन, एफसीआई सहित तीन एजेंसियों को खरीद करने की जिम्मेदारी दी गई है। खरीद का लक्ष्य 5300 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। बुधवार से समस्त क्रय केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही गेहूं की खरीदारी शुरू हो गई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी वीके सिन्हा ने अमिला, घोसी, दोहरीघाट सहित विभिन्न क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। अपराह्न तीन बजे तक 12 किसानों से 653 कुंतल खरीदारी हो चुकी थी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी वीके सिन्हा ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग के तहत सभी क्रय केंद्रों पर खरीद करने के लिए क्रय केंद्र प्रभारियों को सख्त हिदायत दी गई है। किसानों की गेहूं खरीद के लिए सभी क्रय केंद्रों पर टीम गठित की गई है। गठित टीम के आधार पर ही गेहूं के गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा।