राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार वाहन को दीवानी कचहरी परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना करते जिला जज
मऊ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर 13 सितंबर को दीवानी कचहरी में होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए वाहन को वृहस्पतिवार को रवाना किया गया।
जिला जज सुनील कुमार, पीठासीन अधिकारी वाहन दुर्घटना दावा अधिकरण चंद्रगुप्त, अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट काजल श्रीवास्तव, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दारोगा सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने दीवानी न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।
अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बाकर शमीम रिजवी ने बताया कि प्रचार वाहन दीवानी न्यायालय से गाजीपुर तिराहा होते हुए आजमगढ़ मोड़ से मिजार्हादीपुरा होकर मतलूबपुर मोड़ पहुंचा। वहां से मुहम्मदाबाद गोहना तहसील से चिरैयाकोट, रानीपुर होते हुए मिजार्हादीपुरा से सदर चौक होकर बालनिकेतन से रोडवेज गाजीपुर तिराहा होकर वापस कचहरी पहुंचा।
इसके अलावा तहसील, मुख्यालय, विकास खंड एवं नगर एवं गांव-गांव जाकर आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी जाएगी। प्रचार-प्रसार के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत में त्वरित न्याय पाने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय शक्ति पुत्र तोमर, एडीजे प्रीति सिंह, एडीजे हरेंद्र प्रसाद, एडीजे जनार्दन यादव, सीजेएम डाॅ. कृष्ण प्रताप सिंह, सिविल जज सीनियर डिवीजन नसेहा वसीम आदि रहे।