मऊ। नगर पालिका के सभागार में वार्डवार निगरानी समिति की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें कोरोना के संदर्भ में जनता को जागरुक करने, दवाओं का वितरण करने, टीकारण कराने, लॉकडाउन का पालन कराने के साथ-साथ वैश्विक महामारी से बचने में आ रही समस्याओं एवं उसके समाधान किए जाने तथा वार्डों में कैंप लगाकर टीकाकरण कराने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि आप सभी लोग अपने-अपने क्षेत्रों का पूरा ध्यान रखें, किसी के अंदर खांसी, बुखार, सर्दी आदि के लक्षण दिख रहे हों तो उनको निशुल्क दवा उपलब्ध कराएं। लोगों को कोविड की जांच कराने एवं टीकाकरण कराने के लिए जागरुक करें।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे पालिकाध्यक्ष तैयब पालकी ने कहा कि जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में निगरानी समिति के अध्यक्षों बैठक बुलाई गई है। जिसका मुख्य उद्देश्य नगरवासियों को कोविड-19 के प्रति जागरुक करना, दवाओं का वितरण करना आदि है। कहा कि जिस प्रकार आप ने अभी तक पूरी तन्मयता के साथ इस महामारी में प्रशासन का सहयोग किया है। वैसे आगे भी आप सभी इस वैश्विक महामारी से बचने के लिए समाज के प्रति अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा, डीएमसी सौरभ सिंह, बीएमसी रजिया नाज, सफाई एवं खाद्य् निरीक्षक नरेश कुमार, नरेंद्र कुमार, सत्य प्रकाश, कर अधीक्षक गुफरानुल हई, राजस्व निरीक्षक आदर्श त्रिपाठी, चंद्रिका प्रसाद, कमलेश पांडेय, अनित सिंह आदि उपस्थित रहे।