घोसी। नगर के सीताकुंड के पास से सरवरपुर भटौली गांव वाले मुख्य मार्ग पर आधा अधूरा बने रेलवे अंडर पास में घुटनों से अधिक पानी भरे होने से लोगो को बहुत परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे आक्रोशित गांव के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान यादवेंद्र एवं पुष्कर यादव के नेतृत्व में शनिवार को अंडर पास के पास एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया।मुख्यमार्ग से सीताकुंड के पास से रेलवे लाइन पार कर सरवर भटौली, जैनापुर, भावनपुर,नदवल को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्ग पर पुरानी चीनी मिल के पास से इंदारा दोहरीघाट रेल मार्ग पर रेलवे द्वारा अंडर पास का निर्माण किया जा रहा है।इसके आधे अधूरे होने के चलते और जलनिकासी की व्यवस्था न होने से अंडर पास में घुटने तक पानी रह रहा है।
जिससे आने जाने में खास कर विद्यार्थियों एवं महिलाओं को बहुत परेशानी उठानी पड़ती है।गांव के प्रधान यादवेंद्र एवं भाजपा के युवा नेता पुष्कर यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अंडर पास की जलनिकासी की व्यवस्था के लिए विरोध प्रदर्शन किया।दोनो नेताओं के साथ ग्रामीणों ने बताया कि अंडर पास की दीवार में क्रैक होने के कारण पानी आ रहा है। अंडर पास में लगे पानी से कई गांव के लोगों, विद्यार्थियों को आने जाने में बहुत परेशानी होती है।कई बार बच्चे, महिलाएं गिर कर चोटिल हो जाते हैं, उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। इसको लेकर कई बार रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों से समस्या के निदान के लिए कहा गया।
परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई,मात्र आश्वासन ही मिला। सरकार से मांग किया है कि इस अंडरपास में होने वाले जलजमाव का निस्तारण शीघ्र कराया जाए। इस अवसर पर धर्मेंद्र,पूर्व प्रधान रविन्द्र यादव, प्रशांत , सुनील यादव, हरिकेश,आशीष,संदीप के साथ बड़ी की संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।