बढुआगोदाम। माफिया और उसके सहयोगियों के विरुद्ध लगातार पुलिस-प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। बुधवार को आईआर 212 गैंग के सरगना रमेश सिंह उर्फ काका के सहयोगी अरविंद सिंह की 62 लाख रुपये से ज्यादा मूल्य की संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की गई। इससे पहले मंगलवार को जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कुर्की का आदेश जारी किया था।
बुधवार को पुलिस और प्रशासन की टीम ने अपराधी अरविंद सिंह की अपराध से अर्जित गांव पखईपुर में 56 कड़ी में नवनिर्मित आलीशान मकान, जिसकी कीमत करीब 40 लाख है, को कुर्क किया। साथ ही नया बैठका, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये और भाई अनिल सिंह के नाम से किराए की दुकान में रखे दो लाख रुपये का सामान कुर्क करने की कार्रवाई की। अरविंद सिंह के विरुद्ध सरायलंखसी थाने में गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की संस्तुति आख्या पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बीते 10 नंवबर को जिलाधिकारी को भेजी थी। इस पर गत मंगलवार को जिलाधिकारी अरुण कुमार ने कुर्की का आदेश जारी किया था।