मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कृषक दुर्घटना बीमा योजना, स्वामित्व योजना, खनन, एनएचएआई एवं पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा बैठक हुई। घोसी और मधुबन में स्वामित्व योजना की प्रगति धीमी मिलने पर नाराजगी जताई। साथ ही डीएम ने अवैध खनन रोकने का निर्देश भी दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत अभी 13 पुराने प्रकरण लंबित हैं, जिनकों शीघ्रता से निस्तारण करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। समीक्षा के दौरान स्वामित्व योजना की प्रगति जनपद स्तर पर संतोषजनक पाई गई। परंतु तहसील घोसी तथा मधुबन में इसकी प्रगति धीमी होने पर जिलाधिकारी ने इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से संबंधित तहसील मुहम्मदाबाद में ज्यादातर पुराने ऑडिट अभी भी लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी द्वारा इसे जल्द कराए जाने का निर्देश दिया। खनन संबंधी प्रकरणों की चर्चा के दौरान मात्र एक अवैध खनन का मामला प्रकाश में आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को ज्यादा से ज्यादा स्थलीय निरीक्षण करने एवं अवैध खनन को रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने खनन संबंधित ऑनलाइन शिकायतों के बारे में जानकारी लेते हुए उनके तत्काल निपटारे के भी निर्देश दिए। इस दौरान कई विभाग के अधिकारी मौजूद थे।