हलधरपुर थाना क्षेत्र के गुलौरी गांव के समीप संचालित एक निजी स्कूल में गत पांच मार्च को 21 वर्षीय एक युवती से रेप करने के बाद उसकी हत्या कर एक कमरे में लाश छिपाने का मामला प्रकाश में आया है।
मृतका उसी स्कूल में अध्यापिका थी। युवती के शरीर पर चोट के निशान थे। दुुराचारियों ने युवती की हत्या कर शव को एक कमरे में रखकर बेंच से ढंक दिया था
साक्ष्य मिटाने के लिए मिट्टी के फर्श वाले उस कमरे में पानी भरा गया था। अगले दिन युवती का शव उस कमरे से बरामद हुआ। युवती की मोबाइल का सिम हत्यारों ने निकाल दिया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया रेप की आशंका जताई गई है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मृत युवती बलिया जिले की मूल निवासी थी, जो अपने शिक्षक पिता के साथ रतनपुरा में रहती थी और थाना क्षेत्र के गुलौरी गांव के पास एक स्कूल में पढ़ाती थी।
पांच मार्च की सुबह नौ बजे अपनी मां से प्रबंधक द्वारा बुलाए जाने की बात कहकर घर से निकली थी। पूर्वाह्न 11 बजे उसने अपनी मां को फोन कर बताया कि उसे कुछ लोगों ने एक कमरे में बंद कर रखा है।
इसके बाद फोन कट गया। बाद में मां के काफी प्रयास के बाद भी लड़की से संपर्क नहीं हो पाया। लड़की की मां ने अपने पति को फोन कर घटना की सूचना दी।
उस दिन अध्यापक अपने बड़े बेटे के साथ कुछ जरूरी काम से अपने गांव गए हुए थे। सूचना पाते ही आनन-फानन रतनपुरा पहुंचे अध्यापक ने गुलौरी गांव निवासी एक व्यक्ति सहित अपने कुछ परिचितों को लेकर लड़की की
तलाश की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। पूरी रात खोजते रहने के बाद निराश हो चले परिजनों को उसी गांव के एक व्यक्ति ने लड़की की लाश उसी स्कूल के एक कमरे में होने की सूचना दी।
पीड़ित अध्यापक ने 100 नंबर पर फोन करके यह जानकारी पुलिस को दी और स्वयं कुछ लोगों को साथ लेकर उस स्कूल में गए। वहां पर कमरा नंबर पांच में 15-20 बेंचों से ढंकी हुई लड़की की लाश मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय जिस कमरे में लड़की की लाश पड़ी थी, मिट्टी के फर्श को पानी से भर दिया गया था। पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम में युवती के साथ रेप के संकेत पाए गए हैं। युवती के शरीर के कई अंगों पर चेाट के निशान पाए गए हैं। विस्तृत जांच के लिए स्लाइड बनाकर पुलिस को सौंपा गया है।
इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवती ने आबरू बचाने के लिए दुराचारियों से अपनी क्षमता भर संघर्ष किया था। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष आत्माराम यादव का कहना है कि फिलहाल मृत युवती के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रेप के बाबत उनका कहना था कि फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अध्ययन के बाद पुलिस घटना की विस्तृत जांच करेगी।