बोझी। घोसी कोतवाली क्षेत्र के बड़रांव ब्लॉक के पास से सोमवार की सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस ने हत्या में वांछित सोनू उर्फ चियरा यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोप है कि इसने अपने साथी पवन यादव के साथ मिलकर बीते चार सितंबर की रात कटिहारी बुजुर्ग गांव स्थित शराब की दुकान पर रामगढ़ गांव निवासी रामअवतार सिंह (37) की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शराब की दुकान के सेल्समैन के भाई, एक अन्य युवक के साथ बाइक से रामअवतार को घर से करीब 50 मीटर पहले गली में छोड़कर चला गया था।
इसी दौरान गांव के मंदिर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पूजन कर घर लौट रही रामअवतार की बहन सोनी ने उन्हें घायल अवस्था में देखा था। पिता रामकुंवर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने कटिहारी गांव निवासी सोनू उर्फ चियरा यादव और पवन यादव व कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने हत्या में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया गया है।