स्थानीय तहसील क्षेत्र के हाजीपुर गांव के निर्धन परिवार के प्रमोद ने कानपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय बाक्सिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में एक फौजी कोच के संरक्षण में अभ्यास करने वाले इस युवक ने प्रतियोगिता में चार प्रतिद्वंद्वियों को हराया।
सोमवार को घर पहुंचने पर लोगों ने उसका जमकर स्वागत किया। लोगों का कहना था कि प्रमोद की सफलता से नए लोगों का उत्साह बढ़ेगा।हाजीपुर निवासी राम नारायण राम किताबें बेचकर अपने परिवार की आजीविका चलाते हैं। बेटे प्रमोद की लगन और जिद देख उन्होंने अपने बेटे को उसका सपना पूरा करने में मदद की।
कानपुर में 11-12 अप्रैल को आयोजित उप्र ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता में प्रमोद ने गोल्डमेडल अपने नाम कर लिया। प्रमोद की कामयाबी पर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि राम जन्म , शिक्षक नेता शिवशंकर यादव ,राम विलास भारती, समाज सेवी हरेंद्र यादव और वरिष्ठ सपा नेता राम नगीना यादव ने बधाई दी।