मऊ। आजमगढ़ विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के महाविद्यालयों में अध्ययनरत स्नातक, स्नातकोत्तर के वार्षिक परीक्षाओं के शुरू होने में नौ दिन ही शेष हैं, लेकिन तैयारियां अंतिम दौर में चल रही है। विश्वविद्यालय की तरफ से वार्षिक परीक्षाओं का टाइमटेबल जारी कर दिया गया है। परीक्षा में लगभग 40 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिले में 195 डिग्री कॉलेजों में लगभग 91 लाख छात्र छात्राएं अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय की तरफ से गत अप्रैल माह में वार्षिक परीक्षा का शेड्यूल जारी किया गया था। लेकिन कोरोना संक्रमण तथा लाकडाउन के चलते परीक्षाएं स्थगित कर दिया गया था। अब अनलॉक के बाद कवायद तेज हो गई है। जिले के सभी महाविद्यालयों को आजमगढ़ विश्वविद्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। लेकिन बीए द्वितीय वर्ष, तृतीय वर्ष तथा एमए द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संचालित होगी। कोरोना संक्रमण के चलते स्नातक प्रथम वर्ष तथा स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के छात्र छात्राओं को प्रमोट कर दिया गया है।
स्नातक द्वितीय, तृतीय वर्ष तथा एमए द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं पांच जुलाई को आयोजित होगी। परीक्षाएं पांच जुलाई से शुरू होकर तीन अगस्त तक चलेगी। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 123 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा मेें 40 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने सहित सभी तैयारी अंतिम दौर में चल रही है।
सूत्रों की मानें तो परीक्षा केंद्रों पर सीटीटीवी कैमरा सहित संसाधनों का सत्यापन पूरा कर लिया गया है। इस संबंध में डीसीएसके पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. एके मिश्र का कहना था कि स्नातक द्वितीय, तृतीयवर्ष तथा एमए द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं पांच जुलाई से शुरू होकर तीन अगस्त तक चलेगी। परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है।