नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर आयोजित क्रिकेट मैच में शॉट लगाता बल्लेबाज। संवाद
- फोटो : Archive
मऊ। नगर के सहादतपुरा स्थित मैदान पर बुधवार को प्रतीक क्रिकेट एकेडमी और वेदांत क्रिकेट क्लब के बीच मैच खेला गया। जिसमें प्रतीक क्रिकेट एकेडमी ने वेदांत क्रिकेट क्लब को 97 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर प्रतीक एकेडमी ने मैच में शुरू से अंत तक अपना दबदबा बनाए रखा और एकतरफा जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रतीक क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत आक्रामक रही। निर्धारित 35 ओवरों में टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विशाल यादव ने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बरसात करते हुए मात्र 52 गेंदों में 8 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से सर्वाधिक 67 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।
इसके अलावा सर्वेश कुमार ने 25 गेंदों में 43 रन, अंश चंद्रा ने 34 रन और कप्तान अनुज ने महज 19 गेंदों में 32 रनों की आक्रामक पारी खेलकर टीम के स्कोर को मजबूत किया। वेदांत क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में प्रवीण चौरसिया (7 ओवर में 45 रन) और जीशान अहमद (7 ओवर में 48 रन) ने 3-3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। इस मैच के दौरान जीशान अहमद ने अपने 50 विकेट पूरे करने की विशेष उपलब्धि भी हासिल की। 254 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेदांत क्रिकेट क्लब की शुरुआत तो अच्छी रही, लेकिन मध्यक्रम के लड़खड़ाने के कारण पूरी टीम 22.1 ओवर में महज 156 रनों पर सिमट गई।
टीम के लिए राज रतन ने 31 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए, जबकि विवेक कुमार सिंह ने मात्र 15 गेंदों पर 4 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत धुआंधार 39 रनों की पारी खेली। कप्तान आदित्य चौहान (15 रन) और आर्यन प्रजापति (12 रन) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। प्रतीक क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी से बल्लेबाजों को बांधे रखा। घातक गेंदबाजी करते हुए आकर्ष ने 6 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट झटके।