नगर में कार्मॉकिं को डाक मतपत्र हेतु बने बूथ का निरीक्षण करते डीएम और एसपी।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के के मद्देनजर 24 से 27 फरवरी 2022 तक चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण लिटिल फ्लावर स्कूल सिकटिया में होगा। चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों को चुनाव आयोग ने डाक मतपत्र की सुविधा उपलब्ध कराई है। डाक मतपत्र के लिए प्रशिक्षण स्थल पर बने विधानसभावार बूथों का जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बुधवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण व्यवस्था एवं डाक मत पत्र के लिए बने बूथों की व्यवस्था से जिलाधिकारी संतुष्ट दिखे। जिलाधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे द्वितीय प्रशिक्षण में चुनाव ड्यूटी में लगे सभी कार्मिकों को भाग लेना अनिवार्य है। अनुपस्थिति की स्थिति में उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि टीकाकरण की दोनों डोज एवं बूस्टर डोज का प्रमाण पत्र भी लाना अनिवार्य है। जिन लोगों का टीकाकरण अभी पूर्ण नहीं हुआ है उनके लिए प्रशिक्षण स्थल पर ही टीकाकरण की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सुशील घुले, मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।