मऊ। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को विभिन्न ब्लाक मुख्यालयों पर प्रधानों ने खंड विकास कार्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया। महंगाई को देखते हुए मनरेगा मजदूरी बढ़ाने की मांग की। शौचालय केयर टेकर के मानदेय के लिए अलग से बजट की भी मांग की।
रतनपुरा: ब्लाक पर जिलाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र चौहान के नेतृत्व में प्रधानों ने मुख्यमंत्री के नाम खंड विकास अधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मनरेगा मजदूरों की मजदूरी 213 रुपये से बढ़ाकर 400 करने, पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस स्वीकृत किए जाने, शौचालय केयर टेकर और पंचायत सहायकों के मानदेय के लिए अलग से बजट देने, मुख्यमंत्री के वादे का सम्मानजनक करने सहित सात सूत्रीय मांगें शामिल हैं।
प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी अनुपस्थिति में एपीओ को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर शेषनाथ राम, पवन कुमार परिवर्तन, कंचन सिंह, अशोक चौहान, जय किशोर गुप्ता, रामशकल राजभर, अर्चना देवी, उपेन्द्र नाथ यादव, रुपेश यादव, रामप्रवेश राजभर, अनिल कुमार, कन्हैया यादव, रामविलास, जलज कुमार, अरुण कुमार, रामशकल, खरपतू यादव सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान और प्रधान प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अध्यक्षता देवेंद्र कुमार चौहान व संचालन मनोज कुमार ने की।
घोसी: ब्लाक अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रधानों के साथ सैकड़ों के संख्या में मनरेगा मजदूरों ने मजदूरी बढ़ाने आदि को लेकर थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री को संबोधित आठ सूत्री मांग पत्र सौंप कर कार्यवाही की मांग की। प्रधानों ने आठ सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम को सौंपा। कहा कि मनरेगा में मिस्त्री की मजदूरी 360 रुपये मिलती है जबकि बाजार में उन्हें 550 रुपये मजदूरी दी जाती है।
एनएमएमएस की बाध्यता के चलते नेटवर्क न होने से मजदूरों की हाजिरी न हो पाने से उनकी मजदूरी बाधित हो रही है। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख सुजीत सिंह, रामप्रवेश राजभर, बबिता गुप्ता, प्रवीण कुमार बबलू, रामाश्रय भरद्वाज, राजन, ललन, रामाश्रय, उपेन्द्र यादव, मानवेन्द्र यादव आदि रहे।
मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक मुख्यालय पर नौशाद अहमद के नेतृत्व में प्रदर्शन कर प्रधानों ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। फतेहपुर मंडाव ब्लाक पर भी प्रधानों ने मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। कई ब्लाक मुख्यालयों पर प्रदर्शन नहीं हुए।
अमिला: विकास खंड बड़राव में प्रधान संगठन के अध्यक्ष के नेतृत्व में सोमवार ग्राम प्रधानों ने अपनी मांगों को लेकर आठ सूत्रीय मांग पत्र खंड विकास अधिकारी गौरीशंकर शंकर सिंह यादव के प्रतिनिधि लेखाकार को सौंपा।