प्रबोधनी एकादशी पर क्षेत्र के बालनिकेतन पर गन्ने की खरीदारी करते लोग।
प्रबोधिनी एकादशी पर्व गुरुवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर लोगों ने व्रत रखा। साथ ही गन्ना आदि को रख कर विधि विधान से पूजन अर्चन किया। तो वहीं दूसरी तरफ नगर क्षेत्र में कई स्थानों पर अखंड रामायण का आयोजन किया गया। अधिकांश श्रद्धालुओं ने तमसा व घाघरा में डुबकी भी लगाई।
कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को प्रबोधिनी एकादशी पर्व के अवसर पर नगर के हनुमान घाट, मड़इयाघाट, बमघाट, सत्तीघाट, ढेकुलियाघाट और रामघाट ब्रह्मस्थान पोखरा, शीतला माता धाम स्थित पोखरा तथा नागा बाबा की कुटी, दोहरीघाट के सरयू तट के विभिन्न घाटों पर तड़के ही श्रद्धालुओं ने स्नान किया। इसके बाद मंदिरों में मत्था टेका। साथ ही व्रत रखकर गन्ना का विधि विधान से पूजन अर्चन किया। वहीं लोगों ने गन्ने व नई गुड़ भेली का नेवान करने के बाद बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। साथ ही एक दूसरे को पर्व की शुभकामना दी। मान्यता है कि एकादशी का व्रत रहने से परिवार में सुख, शांति तथा ऐश्वर्य की वृद्धि होती है। पर्व के अवसर पर नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में अखंड रामायण पाठ सहित विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रमुख बाजारों सहित चट्टी चौराहों पर गंजी, सिंघाड़ा की बिक्री खूब रही।
दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार स्थानीय कस्बा सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में प्रबोधिनी एकादशी का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर सरयू नदी तट के विभिन्न घाटों पर भोर से ही स्नान करने का क्रम चलता रहा। साथ ही नदी तट पर स्थित मंदिरों पर पूजन अर्चन किया। गन्ने का विधि विधान से पूजन अर्चन करने के बाद नए गुड़ भेली का नेवान कर बुजुर्गोँ का आशीर्वाद लिया।
पिपरीडीह: क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में प्रबोधिनी एकादशी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मंदिरों में मत्था टेककर मन्नतें मांगी। वहीं लोगों ने नए गुड़ भेली का नेवान कर बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। बाजारों में सिंघाड़ा व गंजी की बिक्री जोरों पर रही। हलधरपुर: रतनपुरा बाजार सहित क्षेत्र के मुबारकपुर, गाढ़ा, सेहबरपुर, पहदेवाजीत, इटैली, मेउड़ी सहित विभिन्न इलाकों में प्रबोधिनी एकादशी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बाजारों में गंजी सिंघाड़ा की खूब बिक्री रही। क्षेत्र के ठैचा तमसा तट के गोदाम घाट पर स्नान कर शिव मंदिर पर पूजन अर्चन किया।मझवारा संवाददाता के अनुसार स्थानीय बाजार सहित क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में प्रबोधिनी एकादशी का पर्व धूमधाम से मनाया गया।