वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के बुनकर बाहुल्य खैराबाद, अतरारी, वलीदपुर भीरा में बुनकर विरोध-प्रदर्शन पर उतर आए हैं। बिजली में मिल रही सब्सिडी पर प्रदेश सरकार द्वारा रोक लगाने के खिलाफ बुनकरों ने काम बंद कर दिया है। बुनकर बिजली में सब्सिडी वापस देने की मांग कर रहे हैं। बुनकरों ने यह कदम उत्तर प्रदेश बुनकर यूनियन के आह्वन पर उठाया है।
खैराबाद अतरारी में जहां बुनकरों ने अपने अपने पुश्तैनी धंधे को पूरी तरह से बंद कर फ्लैट रेट बिजली समाप्त किए जाने के विरोध में सरकार के प्रति आक्रोश जताया। वहीं वलीदपुर भीरा के बुनकरों द्वारा हाथों में तख्ती लेकर शुक्रवार की देर शाम को जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। बुनकर नेता अतीकुर्रेहमान अंसारी ने कहा कि सरकार ने जो तीन सितंबर को वादा किया था। अगर वही लागू कर देती तो यह नौबत नहीं आती है। सरकार का अपने वादे से मुकरना ठीक नहीं है। वहीं समाजसेवी इरशाद अहमद ने कहा कि कैबिनेट ने जो प्रस्ताव पास किया है, वह जुलाई तक की बिजली के लिए है। मार्च से लेकर जून तक पूरी तरह से लॉकडाउन था। इस दौरान न तो पावरलूम चले और न ही कोई काम हुआ। बावजूद इसके सरकार द्वारा उस समय का भी बिल लिया जा रहा है। बुनकर नेता हबीबुर्रहमान अंसारी का कहना है कि सरकार हमें बिजली पर सब्सिडी देती थी। फ्लैट बिजली बिल का भुगतान हम करते आए हैं। ऐसे में सरकार ने फ्लैट बिजली रेट व्यवस्था खत्म करके अन्याय किया है।