भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अंधाधुंध कटौती के कारण रात की नींद और दिन का चैन छिन गया है। शहरी इलाकों में 24 और गांवों में 18 घंटे बिजली देने का सरकार का आदेश खोखला साबित हो रहा है। रविवार को अघोषित कटौती ने खूब रुलाया। सात से आठ घंटे तक बिजली कटने से लोग पसीना पोछते रहे।
जिले में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। नगर के निजामुद्दीनपुरा, हनुमान नगर, भीटी समेत कई मुहल्लों में दिनभर कटौती होती रही। संस्कृत पाठशाला के पीछे मठिया टोला में लगा ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से शनिवार की शाम से रविवार को सुबह छह बजे तक आपूर्ति ठप रही। ग्रामीण इलाकों कटौती के साथ ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की वजह से लोग परेशान हैं।
केबल जलने से छह घंटे तक ठप रही आपूर्ति
बढ़ुआगोदाम। परदहां ब्लाक के कहिनौर गांव में रविवार को दोपहर में मेन लाइन की केबल जल जाने से आपूर्ति ठप हो गई। परेशान ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र ताजोपुर में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बिजली कर्मी फाल्ट खोजने में लगे रहे, लेकिन शाम छह बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। ग्रामीणों का कहना था कटौती के साथ लो वोल्टेज की समस्या भी गंभीर है। जब बिजली रहती है, तब भी पंखा, कूलर चल नहीं पा रहे हैं।
आसमान से बरसी आग, घरों में दुबके लोग
42 डिग्री रहा जिले का तापमान, बेइंतहा गर्मी से बेहाल रहे लोग
मऊ। सूरज की तल्खी से रविवार को जिला तपता रहा। बदन झुलसाती तेज धूप और लू के थपेड़ों से जनजीवन प्रभावित हुआ। जिले का अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा। 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। तेज धूप और लू की वजह से लोग बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
सुबह आठ बजे से आसमान से आग बरसने लगी थी। ऐसे में दोपहर से पहले ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा गया। जो लोग जरूरी काम से निकले, वह तेज धूप और लू से लोग बेहाल रहे। वहीं, घरों में पंखे और कूलर गर्म हवा फेंकते रहे। रात में भी लोगों को राहत नहीं मिली। तापमान में इतनी गर्माहट बरकरार रही कि लोग पसीने से तरबतर होते रहे।