गड्ढे में तब्दील हलधरपुर से नगरा जाने वाला मार्ग।
- फोटो : MAU
हलधरपुर। जिले में गड्ढामुक्त सड़कों का दावा कागजों पर ही केवल दिख रहा है। रतनपुरा ब्लाक में दो जिलों को जोड़ने वाला हलधरपुर-नगरा मार्ग बदहाल है। सड़कों पर हो गए गड्ढे आवागमन में मुश्किल पैदा कर रहे हैं। है। दस किमी लंबे मार्ग पर चलना खतरों से खेलने जैसा है। शिकायतों के बावजूद अधिकारी मौन हैं। रतनपुरा ब्लाक तथा बलिया जिले के नगरा को जोड़ने के लिए दस किमी लंबा हलधरपुर-नगरा मार्ग करीब एक दशक पूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाया गया था। बनने के बाद सड़क का मरम्मत कार्य न होने से यह बदहाल स्थिति में है। इस सड़क से पुरवा, मानिकपुर, गहनी, बेलौझा, अईलख तो बलिया जिले के निकासी, अतरौली, मलफ, देवहिया, भरारी सहित 40 गांवों के ग्रामीणों की आवाजाही होती है। ऐसे में इस सड़क पर वाहनों का दबाव भी रहता है। ऐसे में बदहाल सड़क आवागमन में दुश्वारियां पैदा कर रही है। क्षेत्र के रमेश यादव, पवन गुप्ता, साधु प्रजापति, देवनाथ, सुनील सिंह, अनिल यादव, बबलू यादव ने बताया कि कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन अधिकारी ध्यान ही नहीं दे रहे हैं। यदि ऐसा ही रहा तो एक दिन ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे।