कोतवाली के हाजीपुर निवासी युवक की कर्नाटक के बेलारी में मौत के बाद एम्बुलेंस से मंगलवार को शव घर पहुंचा। परिवार के लोग मृतक के शरीर पर चोट के निशान देख कर लाश कोतवाली ले गए। परिजनों की मांग पर मृतक का दुबारा पोस्टमार्टम कराया गया। घोसी क्षेत्र के हाजीपुर निवासी धर्मेंद्र यादव 28 पुत्र रामशब्द कर्नाटक के बेलारी स्थित जिंदल स्टील प्लांट में कार्य करता था। दो सितंबर को धर्मेंद्र के घर कम्पनी से फ़ोन आया कि नहर में डूबने से उसकी मौत हो गई है। पोस्मार्टम के बाद मृतक धर्मेंद्र की लाश एम्बुलेंस से गांव आई। साथ आये व्यक्ति ने बताया कि स्टील प्लांट के पास स्थित नहर में धर्मेंद्र यादव के साथ बिहार निवासी एक अन्य युवक की भी डूबने से मौत हो गई है।परिजनों ने जब मृतक के शरीर पर चोट के निशान और खून देखे तो किसी अन्यघटना से मौत होने की आशंका से लाश को एम्बुलेंस से कोतवाली लेकर पोस्टमार्टम कराने और कम्पनी के विरुद्ध कार्यवाही की मांग करने लगे।जिला पंचायत सदस्य राम नगीना यादव ने कोतवाल से दुबारा पीएम कराने का अनुरोध किया। कोतवाल केके गुप्ता ने बताया कि दुबारा पोस्टमार्टम जिले के उच्चाधिकारियों के आदेश से ही हो सकता है। कोतवाल ने परिवार वालों को समझा बुझाकर कर भेज दिया। मृतक के पिता रामशब्द यादव ने आरोप लगाया कि कम्पनी के लोगों द्वारा धर्मेंद्र की मौत को लेकर कई तरह की बातें कही। जबकि उसके सिर के साथ अन्य स्थानों पर चोट के निशान दिखे।
जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय के प्रयास से जिलाधिकारी के निर्देश पर मृतक का दुबारा पोस्टमार्टम डाक्टरों की टीम से कराया गया। कमाऊ नौजवान की मौत से माता शुभवती, पत्नी सरोज देवी के साथ परिजनों का रोते रोते बुरा हाल रहा। मां को रोते बिलखते देख मृतक के दोनों अबोध पुत्रों को समझ नहीं आ रहा था कि लोग क्यों रो रहे हैं।