सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो वायरल करने से शर्मसार युवती के जहर खाने के मामले में पुलिस बेहद सुस्त गति से जांच कर रही है। युवती की हालत में दूसरे दिन सुधार होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई। पुलिस का कहना है कि चूंकि मामला वाराणसी का है और आरोपी भी वहीं की है। इसलिए मामले को वाराणसी स्थानांतरित किया जा रहा है।
गाजीपुर जनपद के कोतवाली क्षेत्र की एक 18 साल की युवती वाराणसी में रहकर अपने दोस्तों के साथ पढ़ती है। वह वहां रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी करती है। वहां सोशल मीडिया पर कई युवक-युवतियों का ग्रुप है। इस बीच एक युवक की दोस्ती में खिंचवाया गया फोटो युवती के लिए परेशानी का सबब बन गया। युवक युवती को परेशान करने लगा। जब युवती ने उससे पीछा छुड़ाना चाहा तो वह उस फोटो से छेड़छाड़ कर अश्लील फोटो बनाकर व्हाट्स एप पर डाल दिया। फोटो दोस्तों में वायरल होने से वह परेशान हो गई। उसने इसकी सूचना 1090 नंबर पर दी लेकिन कोई सुनवाई न होने से उसने जहर पी लिया। उसकी हालत खराब होने लगी तो आनन फानन में उसकी मां ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां हालत मेें सुधार होने पर शुक्रवार को उसे डिस्चार्ज किया गया।
पुलिस ने इस मामले में गुरुवार को ही वाराणसी निवासी शाहिद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन वह अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस इस मामले में अभी विवेचना कर रही है। इस संबंध में सीओ सिटी पंकज सिंह का कहना है कि घटना वाराणसी से जुड़ा हुई है और आरोपी भी वहीं का है। इसके चलते मुकदमा वाराणसी के लिए स्थानांतरित किया जा रहा है। शनिवार को मुकदमा वाराणसी पुलिस को मिल जाएगा।