मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मीरपुर रहीमाबाद गांव से बीते मंगलवार को लापता हुए पालिटेक्निक छात्र की हत्या कर फेंकी लाश मिलने के मामले का पुलिस ने बुधवार को पर्दाफाश किया। इस दौरान पता चला कि युवक की हत्या अशनाई में की गई है। हत्यारोपी के परिवार की महिला से युवक का संबंध था, मना करने के बाद भी जब युवक नहीं माना तो हत्यारोपी ने उसके सिर पर राड से प्रहार कर दिया, इसके बाद उसे जिंदा ही नदी में फेक दिया था।
हत्यारोपी नगीना साहनी के गिरफ्तार होने पर पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बुधवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर हत्या की घटना से रहस्य का पर्दा हटाया। एसपी के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के मीरपुर रहिमाबाद गांव निवासी विनोद साहनी पालिटेक्निक का छात्र था। वह बीते 29 सितंबर की रात घर से मछली मारने निकला। इसके बाद से उसका पता नहीं चला।
खोजबीन के बाद पीड़ित पिता नंदलाल साहनी ने घटना के बाबत थाने में बेटे के लापता होने की सूचना दी। पिता ने बताया कि उनका पुत्र जिस तरफ मछली मारने के लिए गया था, उस दिशा में खून के छींटे मिले हैं। इस पर पिता ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई थी। पुलिस अभी मामले की जांच पड़ताल करती कि युवक की लाश कोपागंज थाने के जहनियाबाद गांव के पास तमसा नदी में उतराई मिली।