नगर के मुगलपुरा स्थित प्राथमिक स्कूल पर पोलियो की ड्राप पिलाते डीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी।
- फोटो : mau
जिले से पोलियो केे खात्मे के लिए रविवार को एक बार फिर अभियान शुरू किया गया। नगर के मुगलपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में नौनिहालों को इसकी खुराक पिला जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि पोलियो की दवा से निर्धारित उम्र का कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए। अभियान में 3 लाख 38 हजार 390 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वहीं सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने कहा कि अभियान के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही उजागर हुई तो संबंधित पदाधिकारी या कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि इस अभियान के अंतर्गत पहले दिन करीब एक लाख 10 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। सीएमओ ने बताया कि अभियान हर जगह समय से शुरू हुआ और इस दौरान कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं है। यूनीसेफ डीएमसी सरोज राना ने बताया कि इस बार के अभियान में 3 लाख 38 हजार 390 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें पहले दिन एक लाख 69 हजार 682 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान में घर-घर दवा पिलाने के लिए 1345 बूथ तथा 590 टीमें बनी हैं। वहीं चौक-चौराहों, बस स्टेशन आदि के लिए 28 ट्रांजिट टीमों को लगाया गया है।
जबकि, ईंट भट्ठों पर काम करने वाली महिलाओं के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए 16 मोबाइल टीमों को लगाया गया है। वहीं कामाख्या मौर्या ने बताया कि पोलियो की दवा के उठाव के लिए 10 सब डिपो बनाए गए हैं। जबकि, अभियान पर निगरानी रखने के लिए 1100 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। इससे पहले अभियान का शुभारंभ करते हुए डीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी न अपील की कि अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलाएं। इसीक्रम में रानीपुर ब्लाक में गोकुलपुरा प्राथमिक विद्यालय पर पोलियो अभियान का शुभारंभ डॉ. योगेश कुमार गौतम तथा ग्राम प्रधान बृजेश सिंह द्वारा किया गया।
इस मौके पर अपर सीएमओ डॉ. एम लाल, डॉ. पीके राय, डॉ. अश्वनी सिंह, डीपीएम रविंद्र नाथ आदि मौजूद रहे। मधुबनः तहसील में रविवार को परसुपुर में पोलियो अभियान का शुभारंभ एसडीएम निरंकार सिंह द्वारा किया गया। इसीक्रम में फतहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अधीक्षक डा. राजीव कुमार पांडेय द्वारा पोलियो ड्राप पिलाया गया। इस मौके पर डॉ. एन.के.गौतम, बलवंत सिंह, उषा त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।