भट्ठा संचालक से 26 सितंबर को हुई लूट का पर्दाफाश करने में अहम योगदान देने वाले एसआई और आरक्षी को पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने प्रशस्ति पत्र और पांच हजार नकद देकर सम्मानित किया।
थाना समाधान दिवस पर शनिवार को कोतवाली परिसर में पहुंचे कप्तान ने दोनों लूट की घटना में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। बता दें कि 26 सितंबर को आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के मंदे गांव निवासी भट्ठा मालिक मोहम्मद मुनव्वर को ईंट खरीदने का झांसा देकर बदमाशों ने स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के भुजही मोड़ स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के पास बुलाया और उन्हें जबरन गाड़ी बैठा लिया। बदमाशों ने भट्ठा मालिक से दो मोबाइल और नकदी लूटकर उसे आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र में धमकी देकर छोड़ दिया। घटना के अनावरण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वलीदपुर चौकी इंचार्ज लाल बहादुर और कांस्टेबल प्रदीप मिश्रा की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार देकर उत्साहित किया।