मझवारा। पवनी गांव में सरकारी भूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर और झंडा रखने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। उपजिलाधिकारी घोसी पुलिस बल के साथ पहुंचे। जमीन का सीमांकन करने के बाद जेसीबी से अतिक्रमण को हटा खाली कराया।
गांव की राजभर बस्ती के पास पानी की टंकी के बगल में सरकारी भूमि पर शनिवार को कुछ लोग पहुंचकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर व झंडा लगा दिया। सरकारी भूमि पर राजभर बस्ती के लोग इसका विरोध करने लगे।
इस बीच दोनाें पक्ष में कहासुनी होने लगी। एक पक्ष कोे लोग सरकारी भूमि पर कब्जा करने का विरोध करने लगे। कुछ देर बाद सूचना पर डायल 112 पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मझवारा चौकी प्रभारी अनिकेत सिंह भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी को सूचना दी। एसडीएम अभिषेक गोस्वामी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सीमांकन के बाद अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।
राजस्व व पुलिस की टीम ने जेसीबी से अतिक्रमण को हटवा दिया। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसडीएम अभिषेक गोस्वामी ने बताया कि भूमि की जांच की गई है, वहां पर जल मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। कुछ लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण करने की शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंच खाली कराया गया है।