मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के डेराघाट भिखारीपुर गांव में अस्का चौहान (21) की हत्या के आरोप में पुलिस ने रविवार को तीन लोगों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ कर रही है। पति की तलाश की जा रही है। एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि शनिवार की सुबह अस्का चौहान का शव कमरे में फंदे से लटका मिला था।
सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। आजमगढ़ थाना कोतवाली के सिकरौरा गांव निवासी पिता दुक्खी चौहान की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार की दोपहर को ही दहेज हत्या के आरोप पति हरिश्चंद्र चौहान, ससुर सुरेश, सास ससुम, चाचा ससुर दिनेश, ननद प्रियंका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। घटना के बाद से ही पति फरार है।
पुलिस सास, ससुर और चाचा ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया कि अस्का चौहान कंटेंट क्रिएटर थी। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम पर हुई थी। परिजनों की सहमति से 07 मई 2026 को दोनों की शादी हुई थी। पिता ने आरोप लगाया कि बाइक और 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। विदाई से पहले पति से फोन पर कई बार विवाद हुआ था। संवाद