मऊ। कोरोना पर लोगों को सावधान करने और प्रधानमंत्री के आह्वान पर 22 मार्च को जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए जिले में थानावार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस टीमों की ओर से जनपद मुख्यालय से लेकर कसबों ,बाजारों और ग्रामीणांचलों में लाउडस्पीकर से घोषणा कर घरों में रहने की सलाह दी गई। जिलामुख्यालय पर यातायात प्रभारी को लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी प्रकार सभी थानों पर टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने अपने अपने क्षेत्रों में लोगों को जनता कर्फ्यू का पालन करने की सलाह दी गई। यातायात प्रभारी श्री प्रकाश शुक्ल ने शहर में घूम घूमकर एनाउंस किया कि रविवार को जनता कर्फ्यू का पालन करें। कहा कि कोरोना से बचाव के लिए घरों से बाहर न निकलें। भीड़ भाड न लगाएं। पुलिस ने लोगों को अपने दुकान और प्रतिष्ठान बंद रखने का आह्वान किया। पुलिस ने कहा कि कहीं भी भीड़ न लगांए और न ही भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर जाएं। बाहर निकलने से पहले ही मास्क लगाएं। किसी से हाथ न मिलाएं किसी के गले न मिलें। हमेशा लोगों से एक मीटर की दूरी बनाए रखें। अगर कोई परेशानी दिखे तो पुलिस की घोषणा के बाद शहर की अधिकांश दुकानें माल,छोटी दुकानें यहां तक कि चाय पान की दुकानें भी बंद हो गईं। इसी तरह से जिले के सभी थानों की पुलिस ने अपने अपने क्षेत्रों में भ्रमण करके जनता कर्फ्यू के पालन का आह्वान किया। रानीपुर संवाद एजेंसी के अनुसार थाने की पुलिस ने रानीपुर बाजार और खुरहट चौकी की पुलिस ने खुरहट बाजार में लोगों को जागरूक किया। लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी। जनता कर्फ्यू का पालन करके कोरोना महामारी को मात देने की अपील किया।