नगर पालिका सभागार में बोर्ड की बैठक को संबोधित करते नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में बुधवार को 22 विकास कार्यों की स्वीकृति मिली। नगर में जहां पोखरियों की निलामी होगी तो वहीं नगर की सड़कों को जगमग करने के लिए स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। जबकि नगर क्षेत्र का जीआईएस सर्वे कराने के साथ ही विस्तारित वार्डों में पेयजल संकट दूर करने के लिए नई योजना लाई जाएगी। देर शाम नगर पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष तैयब पालकी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर क्षेत्र में जीआईएस सर्वे कराए जाने और नगर के विस्तारित वार्डो पेयजल संकट को लेकर नए योजना के साथ 98 करोड़ की लागत से 22 विकास कार्यो को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया था। जिससे सभी प्रस्तावों को सहमति से पारित कर दिया गया। बैठक में दो नए प्रस्तावों से नपा के राजस्व के वृद्धि होने की संभावना है। नगर पालिका का राजस्व बढ़ाने के लिए ग्लोबल इंफॉर्मेशन सिस्टम (जीआईएस) सर्वे कराने के साथ नगर पालिका के अंतगर्त आने वाले पोखरे-पोखरियों की नीलामी का प्रस्ताव रखा गया। जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। वहीं पालिका के विस्तारित क्षेत्र परदहा, चंद्रभानपुर सहित दूसरे क्षेत्रों में पेयजल के लिए नलकूप के साथ पाइप लाइन बिछाने की योजना रखी गई। नगर के आजमगढ़ मोड़ से बालनिकेतन तिराहा तक जगमग सड़क की तरह जल्द ही मिर्जाहादीपुुरा से गाजीपुर तिराहा तक बन रहे डिवाइडर पर भी स्ट्रीट लाइट तथा हाईमास्ट लाइटें लगायी जाएगी। इससे पूरा नगर रात के समय दूधिया रोशनी में नहाता नजर आएगा। बैठक में नगर पालिका ईओ दिनेश कुमार, सत्य प्रकाश, चंद्रप्रकाश दुबे, दुर्गेश सिंह, मुकेश सिंह, दिनेश सिंह, शहरयार, गुफरान, विनय सिंह, खुशहाल सिंह, धीरज राजभर, फकरे आलम, अबरार, जहीर सेराज सहित सभी वार्डसभासद मौजूद रहे। बोर्ड द्वारा पारित 98.25 करोड़ रूपया का बजट पारित किया गया। बजट में मुख्य रुप से व्यवसायिक दुकाने एवं आवासीय भवन निर्माण, सड़क निर्माण कार्य के लिये 17.25 करोड़ रुपये, प्रोसेसिंग प्लान्ट हेतु मशीनरी की क्रयदारी के लिये 6 करोड रुपये़, नगर के दलित/मलिन क्षेत्रों में विकास कार्यो के लिये 5.75 करोड़ रुपये, अमृत योजना के लिये 4.51 करोड रुपये़, स्वच्छ भारत मिशन योजना के लिये 5 करोड़ रुपये जबकि गौवंश आश्रय स्थल के संचालन एवं रख रखाव के लिये 75 लाख रुपये, नगर पालिका की भूमि की सुरक्षा हेतु 2.58 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली। इसीक्रम में जलकल मरम्मत/पाइप लाइन, नलकूप बोरिंग, हैं पंप रिबोर आदि के लिये 5.25 करोड़, व बिजली सामान एवं अन्य के लिए करोड़ रुपये का प्राविधान किया गया है। इस प्रकार वर्ष 2022-23 के अनुमानित आय कुल 98.25 करोड़ रुपये व अनुमानित व्यय 97.85 करोड़ रुपया की रही।
नगर पालिका सभागार में बोर्ड की बैठक में मौजूद सभासद।संवाद- फोटो : MAU