मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के खैराबाद गांव में आपसी रंजिश को लेकर दो चचेरे भाइयों में विवाद हो गया। वहीं कट्टे से फायर के दौरान छीना झपटी में चलाई गई गोली से दोनों घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। खैराबाद निवासी मीट विक्रेता कल्लू और लल्लू सगे भाई हैं। बृहस्पतिवार की शाम लगभग 8.20 बजे पुरानी रंजिश को लेकर कल्लू के पुत्र आबिद 20 और लल्लू के पुत्र जियाउद्दीन 22 के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने कट्टे से फायरिंग की। इससे बचने को लेकर दोनो के बीच हाथापाई हुई और गोली चलने से दोनों के हाथ चोटिल हो गए। आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल भेज दिया गया। कोतवाल शैलेश सिंह ने कहा कि आपसी रंजिश में विवाद के बाद चाकूबाजी में दो युवकों को चोट आई है। घटना की जांच की जा रही है।