फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mau News: पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, पानी की आपूर्ति ठप

विज्ञापन
विज्ञापन
कोपागंज। विकासखंड क्षेत्र के सेदुराइच गांव में जल जीवन मिशन के तहत दो करोड़ 31 लाख की लागत से बनाई गई पानी की टंकी और पाइपलाइन गांववासियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। टंकी के चारों तरफ से लगातार पानी टपक रहा है। गांव में बिछाई गई पाइपलाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते लोगों के घर तक पानी ही नहीं पहुंच रहा है। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग टंकी परिसर में इकट्ठा हुए और नारेबाजी की।
विज्ञापन

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप था कि करोड़ों की लागत से बनाई गई योजना महज दिखावा बनकर रह गई है। निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल से समस्या आ रही हैं। पानी की टंकी बनने के कुछ ही दिनों बाद से उसमें दरारें आने लगी थीं, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। पाइपलाइन से लगातार पानी रिसने के कारण सड़कों और गलियों में कीचड़ जमा हो गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी की टंकी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन तेज करेंगे। मांग की कि तत्काल तकनीकी टीम से कार्यों की जांच कराई जाए। संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन करने वालों में ओमकार यादव, धर्मेंद्र यादव, राम सिंह यादव, शिव गोविंद यादव, मनीष यादव, पंकज, सुनील, शिव कुमार, विशाल, प्रभु, रामशिश, अजय आदि शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें