मधुबन के सिकड़ीकोल तिमुहानी में पिकप के रौदने से महिला की मौत पर रोते बिलखते परिजन।संवाद
मधुबन थाना क्षेत्र के दरगाह बाजार में मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे बैठी दो महिलाओं को रौंद दिया। काली देवी (58) की मौत हो गई और कुसुम (70) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
चालक घटनास्थल पर पिकअप छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को जिला अस्पताल भेजवाया। दरगाह निवासी काली देवी मंगलवार की दोपहर अपनी मड़ई के सामने बैठकर बांस की डाल बना रही थीं।
सत्संग सुनकर लौट रहीं थाना क्षेत्र के भैसहां गांव निवासी कुसुम भी वहां पहुंची और डाल का दाम पूछने लगीं। दोपहर करीब एक बजे दोहरीघाट की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों को रौंद दिया और कुछ दूरी पर जाकर रुक गई।
ग्रामीणों को पास आता देख चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। लोग दोनों महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने काली देवी को मृत घोषित कर दिया और हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को जिला अस्पताल भेजवा दिया गया है। पिकअप सीज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वाहनों के कुचलने से 23 दिन में पांच महिलाओं की गई जान
बीते 23 दिन में अलग अलग स्थानों पर वाहनों के कुचलने से पांच महिलाओं की मौत हुई है। सरायलखंसी थाना के बाबा के पूरा ताजोपुर में 19 जनवरी की दोपहर को घर के बाहर बैठे चार लोगों को बोलेरो ने रौंद दिया। रीता देवी (50) और उनकी बेटी गोल्डी राजभर (24) की मौत हो गई। दो दिन बाद घायल सास की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सोमवार की दोपहर 3:45 बजे सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अलीनगर में ट्रेलर से कुचलने से प्रभावती देवी (75) की मौत हो गई थी। मंगलवार को भी ठीक इसी तरह का हादसा हुआ है।