रामपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में बुधवार की भोर में मुर्गी लदी पिकअप सड़क किनारे पेड़ से टकराई और खाई में पलट गई। उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दबने के कारण दम घुटने से सैकड़ों मुर्गियों की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजवाया गया। घायलों में देवरिया जिले के भाटपार रानी निवासी जाहिद अंसारी (22), भोगना बाजार निवासी राजकुमार (15) और राजी हुसैन (17) शामिल हैं।
वे मंगलवार की रात आजमगढ़ जिले से 13 क्विंटल मुर्गी लादकर घर लौट रहे थे। भोर में चार बजे रसूलपुर गांव के पास पहुंचे थे कि चालक जाहिद अंसारी को झपकी आने के कारण पिकअप सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और खाई में पलट गई।
तेज आवाज सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे और तीनों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मधुबन भेजवाया गया। थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम के साथ घायलों से बातचीत की गई है। सभी सुरक्षित हैं, और पिकअप को बाहर निकलवाया गया है।