मऊ में एटीएस और मऊ पुलिस द्वारा गिरफ्तार पीएफआई का सदस्य नासिर कमाल।संवाद
- फोटो : MAU
आजमगढ़ एटीएस और मऊ पुलिस ने शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रेमाराय मोहल्ले से प्रतिबंधित संगठन पीएफआई के सदस्य नासिर कमाल को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया सदस्य चार भाषाओं का जानकार है। वह पीएफआई की कई बैठकों में भी शामिल हो चुका है। एएसपी ने बताया कि गत दिनों शहर कोतवाली क्षेत्र के प्रेमा राय मोहल्ले से आजमगढ़ एटीएस तथा कोतवाली पुलिस ने 36 वर्षीय एक युवक को पकड़ा था। जिसकी पहचान नासिर कमाल के रूप में हुई।
वह प्रतिबंधित पीएफआई का सदस्य है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आजमगढ़ एटीएस के रडार पर नासिर कमाल काफी दिनों से था। पक्की सूचना मिलने पर ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस उसका इतिहास खंगालने में जुटी है। नासिर कमाल ने पीएफआई का सदस्य होने की बात स्वीकारी है और यह भी बताया है कि वह लखनऊ की मस्जिदों में बैठक में शामिल होने जाया करता था। एएसपी त्रिभुवननाथ त्रिपाठी ने नासिर कमाल के पीएफआई की मीटिंग में हिस्सा लेने की तस्दीक की है। बताया कि वह अन्य पदाधिकारियों के संपर्क में रहता था। साथ ही लखनऊ की किसी मस्जिद में बैठक में भी हिस्सा लेता था।