नगर के फातिमा अस्पताल के सामने सड़क जाम कर बैठे चांदमारी इमिलिया मुहल्लेवासी।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। नगर स्थित फातिमा अस्पताल वाली सड़क पर बेतरतीब वाहनों के खड़े होने और सड़क के किनारे गए गए अतिक्रमण से घंटों जाम लगने से आजिज लोगों ने सोमवार को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने सड़क किनारे से गुमटियां और ठेले हटाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। साथ ही अस्पताल को पार्किंग व्यवस्था करने का नोटिस दिया। फातिमा अस्पताल के सामने काफी संख्या में गुमटियां और ठेले रखकर अतिक्रमण किया गया है। अस्पताल आने वाले मरीजों के वाहनों को पार्क करने की जगह कम होने के चलते सड़क पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे नाराज नगरवासियों ने सुबह अखंड प्रताप पांडेय के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने बेंच आदि लगाकर सड़क जाम कर दिया। उनकी मांग थी कि सड़क पर वाहनों की भीड़ न लगने दी जाए। सड़क पर वाहनों के खड़ा करने से आने-जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और आफिस जाने वाले कर्मचारियों के साथ ही बाजार जाने वाली महिलाओं को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों की यह भी शिकायत थी कि अस्पताल के अंदर वाहन पार्किंग की व्यवस्था न होने से अस्पताल आने वाले लोग सड़क पर वाहन खड़ा करते हैँ। जिससे जाम की समस्या होती है। जाम से सड़क के दोनों ओर घंटाभर वाहनों की लाइन लगी रही। सूचना पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने सड़क से अतिक्रमण हटाए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने फातिमा अस्पताल प्रशासन को वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने के नोटिस देने का निर्देश दिया। कहा कि सड़क की पटरियों पर किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए नगरपालिका को निर्देश दिए गए हं। फातिमा अस्पताल के पास एक सिपाही तैनात किया जाएगा। आश्वासन मिलने पर लोगों ने जाम खत्म कर दिया।
इनसेट:
चौराहे के पास बनाया जाएगा पार्क
फातिमा चौराहे के पास उत्तर की तरफ बने आवासों के निकट की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर वहां पार्क पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया है। पार्क बनने से वहां का सुंदरीकरण हो सकेगा।
कोट
सहादतपुरा में मुख्य सड़क पर लगने वाले जाम से निजात दिलाई जाएगी। इसके लिए ठेले, खोंमचे वालों को पालिका के पूर्व में बनवाए गए ऊंचे फुटपाथ पर लगवाने की व्यवस्था करने का निर्देश पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिया गया है। - सिटी मजिस्ट्रेट