घोसी नगर पंचायत के वार्ड संख्या नौ बड़ागांव में रास्ता और जलनिकासी की सुविधा नहीं होने से नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार की शाम मोहल्ले में नारेबाजी की। ‘नाली और रोड नहीं तो वोट नहीं’ तथा ‘ईओ और चेयरमैन का प्रवेश वर्जित’ के नारे लगाए।
लोगों ने फोन करके ईओ और नगर के चेयरमैन को बुलाया। अंधेरा होने तक इंतजार करते रहे, लेकिन दोनों जिम्मेदार समस्या सुनने नहीं पहुंचे। लोग निराश होकर अपने-अपने घर लौट गए।
प्रदर्शन कर रहे सत्यम निषाद, चंदन गुप्ता, मुनाकी देवी, शीला, मीरा, मंजूर, लक्ष्मीना, वीरेंद्र शर्मा, सुभाष, चम्पा, चंदा आर्या, राजेश, ऊषा, सुनीता, दशई, रामसमुझ और सतीश आदि लोगों ने बताया कि रास्ता और नाली के लिए बीते एक साल से नगर पंचायत कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो सका है।
जलनिकासी की सुविधा नहीं होने से हल्की बारिश में ही जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे 51 परिवारों का आवागमन बाधित हो जाता है। अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि इस कार्य का प्रस्ताव सभासद ने बोर्ड बैठक में कभी नहीं दिया। बोर्ड बैठक में प्रस्ताव मिलने पर ही स्वीकृति मिलेगी।