चार माह से बकाया वेतन नहीं मिलने से नाराज हेल्थ विजिटर सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला महामंत्री ज्ञानमती सिंह ने कहा कि चार माह से वेतन नहीं मिलने से स्वास्थ्यकर्मियों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है।
दूकानदारों ने उधार देना बंद कर दिया है। बच्चों की फीस जमा नहीं हो पा रही है। कहा कि घोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, एएनएम, हेल्थ विजिटर, हेल्थ सुपरवाइजर सहित अन्य फिल्ड स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन नवंबर 2014 से बकाया चल रहा है।
होली भी आ गई है। ऐसे में हमलोग होली कैसे मनाएंगे समझ में नहीं आ रहा है। यह सब सीएमओ कार्यालय की उदासीनता के चलते हो रहा है।
जबकि सीएचसी के अधीक्षक को छोड़कर आंतरिक स्टाफ को वेतन मिल रहा है। इसी तरह द्रोपती मिश्र ने कहा कि वेतन न मिलने से हम लोगों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। धरना स्थल पर आए सीएचसी अधीक्षक डा. एचके पंकज ने बताया कि बजट के अभाव में वेतन नहीं मिल पा रहा है। धरने को राधिका देवी, इंदूमती, सावित्री राय, लालबच्ची, प्रेमशीला, निर्मला, कमलावती, आदि ने संबोधित किया।