रेलवे स्टेशन पर फुटओवरब्रिज बनाने के लिए तोड़ा जा रहा पार्सल घर।संवाद
मऊ। मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन की पार्सल लाॅबी को वहीं पर पचास मीटर दूर नये भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। पार्सल भवन को तोड़कर वहां 6.25 करोड़ रुपये से नया फुट ओवरब्रिज बनाया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन के बाहरी हिस्से से प्लेटफाॅर्म 4 और 5 को जोड़ने के लिए 12 मीटर चौड़े नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हो गया है। मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर विद्युतीकरण कार्य में आड़े आ रहे पुराने फुट ओवरब्रिज को 19 मार्च 2020 को तोड़ दिया गया था। ये फुट ओवरब्रिज प्लेटफॉर्म नंबर एक को प्लेटफाॅर्म दो जोड़ता था। लेकिन उसकी ऊंचाई कम होने के कारण विद्युतीकरण में बाधक बन रहा था। विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के बाद सितंबर 2021 में नया फुट ओवरब्रिज बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई थी। लेकिन पार्सल भवन उसमें आड़े आ रहा था। अब नया फुट ओवरब्रिज रेलवे स्टेशन के बाहरी हिस्से से प्लेटफाॅर्म नंबर चार और पांच को जोड़ेगा। वर्तमान में 700 मीटर लंबे प्लेटफाॅर्मों पर केवल एक फुट ओवरब्रिज है। ट्रेन रुकने पर कुछ यात्री फुट ओवरब्रिज से होकर और कुछ रेलवे ट्रैक पार करके आते जाते हैं। वर्तमान में तीन प्लेटफाॅर्मों से रोजाना दिल्ली, मुंबई, गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार और राजस्थान आने जाने वाली 22 जोड़ी से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं। सामान्य दिनों में रोजाना 12 हजार से अधिक लोग आते जाते हैं, लेकिन इन दिनों छठ पर्व के चलते भीड़ चार गुना अधिक बढ़ गई है। रेल यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में दूसरा फुट ओवरब्रिज बन जाने से रेल यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
पार्सल भवन तोड़कर वहां नए फुट ओवरब्रिज का पहला पिलर खड़ा किया जाएगा। उसके पहले सीढि़यां बनेंगी। नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हो गया है। इसके बन जाने के बाद मऊ जंक्शन पर ये दूूसरा फुट ओवरब्रिज होगा। - अशोक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी मंडल।